15 जून 2025 के तबादला आदेश के बाद भी धूमनगंज थाने से नहीं हुई सिपाही की रवानगी, आदेश के पालन पर उठे सवाल
प्रयागराज। प्रयागराज के धूमनगंज थाने में तैनात सिपाही आनंद कुमार सिंह (पीएनओ-1820316960) की तैनाती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उपलब्ध स्थानांतरण आदेश के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक (कार्मिक/स्थापना), पुलिस मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा 15 जून 2025 को जारी आदेश में सिपाही आनंद कुमार सिंह का तीन वर्ष के लिए जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ स्थानांतरण किया गया था। आदेश में उनका नाम क्रम संख्या 38 पर दर्ज है।
आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उन्हें धूमनगंज थाने से कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया गया है। इसे लेकर पुलिस महकमे और स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि संबंधित सिपाही थाने में प्रभावशाली भूमिका निभाता है, जिसके कारण स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं हो सका।
इसके अलावा कुछ स्थानीय सूत्रों के हवाले से अवैध वसूली से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि प्रतिमाह लगभग 20 लाख रुपये की अवैध वसूली होती है, जिसका आपस में बंटवारा किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में पुलिस विभाग का कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
मामले को लेकर यह प्रश्न उठाया जा रहा है कि जब पुलिस मुख्यालय से स्थानांतरण आदेश जारी हो चुका है, तो एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संबंधित सिपाही को कार्यमुक्त क्यों नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग उठाई गई है कि यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कुछ लोगों ने सिपाही आनंद कुमार सिंह की आय से अधिक एवं कथित बेनामी संपत्तियों की भी जांच कराने की मांग की है।
(नोट: समाचार में उल्लिखित अवैध वसूली एवं आय से अधिक संपत्ति संबंधी आरोप संबंधित पक्षों के आरोप हैं। इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
— अमरनाथ झा
पत्रकार
मो.: 9415254415
