मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की शांति समिति की बैठक

0
yujhvnb

कौशाम्बी। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण की अध्यक्षता में उदयन सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों, ताजियादारों, धर्मगुरुओं तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति का संदेश देता है। उन्होंने सभी लोगों से परंपरागत तरीके से त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की नई या गैर-परंपरागत गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजिया की ऊंचाई 12 फीट से कम रखी जाए तथा जुलूस के दौरान किसी प्रकार की छुरीबाजी, चाकूबाजी या अन्य खतरनाक प्रदर्शन न किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखे हुए है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट को साझा करने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री दिखाई देती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में ताजियादारों और स्थानीय लोगों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें तथा त्योहार से जुड़ी सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर झूलते हुए बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के लिए कहा गया।

पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहेगी।

पुलिस अधीक्षक ने ताजियादारों एवं समाज के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, नगर निकायों के अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें