यूपी के 5 शहरों में बारिश, 38 में हीटवेव अलर्ट:मानसून महराजगंज के पास अटका; पारा 42°C पार, 3 दिन भीषण गर्मी पड़ेगी
यूपी में मानसून के लेट होने से गर्मी बढ़ गई है। पारा 42°C के पार पहुंच गया है। सोमवार को सुबह से ज्यादातर शहरों में तेज धूप निकली है। बादलों की आवाजाही और हवा की धीमी रफ्तार की वजह से उमस महसूस हो रही है। आज 38 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है। 5 जिलों मऊ, चंदौली, बलिया, गाजीपुर और सोनभद्र में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर 20 जून तक मानसून यूपी में एंट्री कर लेता है। लेकिन, इस बार मानसून यूपी-बिहार बॉर्डर पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पिछले 10-12 दिनों से यह महराजगंज के पास रुका है। 23 जून से इसके आगे बढ़ने और 25 जून तक यूपी में पहुंचने की संभावना है। तब तक पूर्वी यूपी और बुंदेलखंड में गर्मी और लू परेशान करेगी। पिछले 24 घंटे की बात करें तो ज्यादातर जिलों में तेज धूप रही। गाजियाबाद और बरेली में बादल छाए, जबकि लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलीं। प्रयागराज 42.5°C और वाराणसी 42.4°C तापमान के साथ यूपी में सबसे गर्म रहे। बहराइच में 42°C और झांसी में 41.8°C तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश भी हुई। आगरा के खैरागढ़ में सबसे ज्यादा 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। मथुरा के गोवर्धन में 5 मिमी. और मऊ में 4 मिमी. बारिश हुई। सोनभद्र के चर्क और सुल्तानपुर में 8.6-8.6 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में 3 दिन भीषण गर्मी चलेगी। पारा लगातार बढ़ता रहेगा। लू की स्थिति और गंभीर होगी। मानसून की रफ्तार अब भी धीमी है। फिलहाल मानसून की एंट्री के हालात नहीं बन पाए हैं। मानसून के लिए अभी कम से कम 3-4 दिन इंतजार करना पड़ सकता है। यूपी में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
