बकरीद पर कौशाम्बी में कड़ी सुरक्षा, 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में अदा हुई नमाज

0
Kaushambi voice

👉 बकरीद पर कौशाम्बी में कड़ी सुरक्षा, 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में अदा हुई नमाज..
👉 . शाही ईदगाह पहुंचे एडीजी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस रही अलर्ट..
👉 . अमन-चैन और तरक्की की दुआ के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई बकरीद..

कौशाम्बी ।- बकरीद पर्व को लेकर जनपद कौशाम्बी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड में नजर आया। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने जिले का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और शाही ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एडीजी ने जिलाधिकारी अमित पाल और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के साथ थाना कड़ाधाम क्षेत्र स्थित ईदगाह का निरीक्षण किया। इस दौरान ईदगाह परिसर, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद की 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।


त्योहार को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पूरे जिले को 4 सुपर जोन और 39 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए रहे।
निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान डीएम, एसपी समेत भारी पुलिस बल, उपजिलाधिकारी सिराथू, क्षेत्राधिकारी सिराथू, सीओ ट्रैफिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।

अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *