कौशांबी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवकों को कुचला, 4 की मौत, 1 गंभीर घायल
कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार करारी थाना क्षेत्र के धनपरा गांव निवासी राहुल कुमार (14) पुत्र महेश प्रसाद अपने साथी और रिश्तेदार आकाश सरोज (25) पुत्र पृथ्वी सरोज, अमन (22) पुत्र केशन, छोटू निवासी थांभा तथा विकास कैथवास निवासी मध्यप्रदेश के साथ एक बाइक पर सवार होकर गुरुवार रात करीब 8 बजे कहीं जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार युवक महाराजगंज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। 
हादसा इतना भीषण था कि राहुल, आकाश, अमन और छोटू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही करारी थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। चालक ट्रैक्टर का इंजन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर की तलाश में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन, रिश्तेदार और गांव के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में मातम और कोहराम का माहौल है।
अमरनाथ झा पत्रकार
