यूपी में ठंड बढ़ी, रामलला गर्म पानी से नहा रहे:25 जिलों में कोहरा, 4 शहरों में पारा 9°C; 2 दिन घने कोहरे का यलो अलर्ट
यूपी में ठंड बढ़ गई है। पारा 9°C तक पहुंच गया है। अयोध्या में रामलला को गुनगुने पानी से नहलाया जा रहा है। मोटे सूती वस्त्र से सिले कपड़े पहनाए जा रहे हैं। रात में रजाई ओढ़ाई जा रही है। भोग में दही बंद कर दिया गया है। गुरुवार को 4 शहरों में तापमान 9°C के आसपास रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरनगर (9.1°C) सबसे ठंडा रहा। कानपुर में 9.2°C, हरदोई में 9.5°C और इटावा में 9.6°C तापमान के साथ कड़ाके की ठंड पड़ी। शुक्रवार सुबह गाजीपुर, बलिया, लखीमपुर-खीरी, चित्रकूट, कासगंज और बदायूं समेत 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। गांवों में विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। 50 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। गाजीपुर में लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन (28-29 नवंबर) के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के वक्त लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने को कहा गया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अब प्रदेश में कड़ाके की ठंड का सिलसिला शुरू होगा। कोहरा और घना होगा और धूप का असर कम होता जाएगा। अगले एक हफ्ते में ठंडी पछुआ हवाओं के असर से तापमान 5°C से 6°C तक गिरेगा। दिन का पारा 20°C से नीचे आ जाएगा। कोहरे की 2 तस्वीरें- बड़े शहरों का हाल जानिए- लखनऊ: सुबह हल्की धुंध रही। बाद में मौसम साफ हो गया। औसत AQI 148 दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.1 और न्यूनतम 12.5 डिग्री रहा। सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। वाराणसी: ठंड बढ़ गई है। पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया। हवा की रफ्तार 5 kmph रही। नमी 60% दर्ज की गई। दूसरी ओर, शहर की हवा खराब बनी हुई है। सुबह AQI 200 के पार रिकॉर्ड किया गया। कानपुर: कानपुर में सर्द हवाओं का असर बढ़ गया हे। सुबह ठंडी हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही हैं। चार दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रयागराज: ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक धुंध और धुंधली धूप के बीच मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सर्दी का एहसास हो रहा है। लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। अब गलन वाली सर्दी शुरू होगी, दिन में भी ठिठुरन होगी
