लखनऊ में बाढ़, सड़कें डूबीं, घरों में घुटनों तक पानी:लोग बोले- बच्चे को बुखार, नाव नहीं मिल रही; साइकिल से निकल रहे बुजुर्ग
यूपी में गोमती समेत चार नदियां उफान पर हैं। लखनऊ, गोंडा और सीतापुर बाढ़ की चपेट में हैं। लखनऊ में सड़कों पर पानी बह रहा है। गलियां जलमग्न हैं। रिवर फ्रंट में पानी भरा है। जलभराव के कारण चंद्रिका देवी मंदिर को बंद कर दिया गया है। 40 हजार से ज्यादा घरों में 3-4 फीट तक पानी भरा है। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। इस बीच डेंगू का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। पिछले 10 दिनों में 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग प्रशासन से काफी नाराज हैं। लोगों का कहना है कि घरों में बच्चे बीमार हैं, लेकिन दवा लेने जाने के लिए नाव नहीं मिल रही है। राशन और पीने का पानी भी नहीं पहुंच रहा है। प्रशासन की मदद कुछ ही इलाकों तक सीमित है। बुजुर्ग पानी के बीच साइकिल से जरूरी सामान लाने को मजबूर हैं।
