लाखो से ज्यादा दिए कर्ज में हुई शकील की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
कौशाम्बी । जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के समदा गांव में निर्माणाधीन मकान में हुई शकील अहमद की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है । पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी मोहम्मद कदीम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी समदा को भड़ेसर रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का चाकू, ईंट, मृतक के टूटे मोबाइल का हिस्सा, पर्स और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त की सुबह राम वनगमन मार्ग के किनारे निर्माणाधीन मकान में चारपाई पर शकील का शव मिला था। परिजनों की तहरीर पर मंझनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया। 
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शकील से करीब 1.10 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। शकील ब्याज समेत करीब 2.75 लाख रुपये की मांग कर रहा था। रुपये लौटाने में असमर्थ होने पर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की रात आरोपी ने रुपये देने के बहाने शकील को निर्माणाधीन मकान में बुलाया। वहां ईंट से सिर पर प्रहार करने के बाद चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को दूसरा रूप देने के लिए आरोपी ने मौके पर चूड़ियां, लेडीज कपड़े और चप्पल रखे तथा मृतक की जेब में आपत्तिजनक सामग्री डाल दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
रिपोर्ट -अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415
