पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अचानक बस रोकी, 3 की मौत:रक्षाबंधन मनाने जा रहे थे, ड्राइवर बाथरूम के लिए उतरा, ट्रक ने टक्कर मारी

0
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अचानक बस रोकी, 3 की मौत:रक्षाबंधन मनाने जा रहे थे, ड्राइवर बाथरूम के लिए उतरा, ट्रक ने टक्कर मारी

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। 20 अन्य घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस गुड़गांव से गोरखपुर के रास्ते बिहार जा रही थी। बस में 80 यात्री सवार थे। सभी रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने गुड़गांव से एक निजी स्लीपर बस की टिकट बुक कराई थी। बुधवार शाम 4 बजे बस वहां से रवाना हुई। रास्ते में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ड्राइवर बार-बार बस रोक रहा था। यात्रियों ने कई बार उसे मना किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी और एक्सप्रेस-वे के किनारे बस खड़ी कर बाथरूम चला गया। बस का दरवाजा बंद होने की वजह से कोई यात्री नीचे नहीं उतर पाया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज हुई और बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पीछे की दो सीटें पिचककर पिछले पहियों तक पहुंच गईं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी और यूपीडा (UPEIDA) के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसा जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96.6 पर सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। हादसे की तस्वीरें देखिए- टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस पुलिस ने बताया कि- मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, गुड़गांव के झगड़ा कॉम्प्लेक्स प्रेमपुरी निवासी विनोद मंडल (50) पुत्र शुसन मंडल और बिहार के कुमारखंड निवासी किरन देवी (60) पत्नी माहेश्वरी के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। CCTV फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है। गुड़गांव से बिहार के लिए चलती है बस यात्रियों ने बताया-जय मां शीतला ट्रेवल की बस रोज गुड़गांव से बिहार के लिए चलती है। यह बस गोरखपुर होते हुए बिहार जाती है और रास्ते के यात्रियों को भी बैठाती है। बस का किराया 1,100 से 1,400 रुपए तक है। बस में सिर्फ बैठने की सीटें हैं। हादसे में मां की मौत, बेटा घायल घायल यात्री सुशील मंडल ने बताया- मैं और मेरी मां किरन देवी शाम को राजीव चौक से बस में बैठे थे। हमें अपने घर सुपौल जाना था। दोनों का टिकट 2,800 रुपए का था। बस में काफी भीड़ थी, इसलिए हमें पीछे की सीट मिली थी। दोपहर तक घर पहुंचने वाले थे। हम परिवार के साथ हरियाणा में रहते हैं। यहीं एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन था। मेरी मां को मामा को राखी बांधने जाना था। इसलिए हम दोनों दो दिन पहले ही घर के लिए निकल गए थे। हाईवे पर हादसे होने से मेरी मां किरन की मौत हो गई। धमाके की आवाज से खुली नींद घायल यात्री आकाश कुमार ने बताया- हम लोग बस में सो रहे थे। इसी बीच अचानक तेज धमाका हुआ और लोग चीखने-चिल्लाने लगे। मेरी नींद खुली तो देखा कि सिर से खून बह रहा था। बस से नीचे उतरा तो देखा कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। लोगों ने बताया कि हाईवे पर ड्राइवर ने बस रोक दी थी और बाथरूम करने गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर से बस का पीछे वाला कांच टूट गया। बस कुछ दूर तक घिसटती चली गई और ट्रक मौके से फरार हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के CO आशुतोष कुमार ने बताया- हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं, जबकि 3 लोगों की मौत हो गई है। क्रेन की मदद से बस को हटाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो गया। मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ————– ये खबर भी पढ़िए- लड़की ने छेड़खानी पर युवकों को 14 चप्पल मारीं:बिजनौर में बाइक से किडनैपिंग की कोशिश की; थाने में लंगड़ाते हुए माफी मांगते दिखे बिजनौर में ट्यूशन से लौट रही छात्रा ने छेड़खानी पर दो युवकों की पिटाई कर दी। वे दोनों उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहे थे। तभी गुस्साई छात्रा ने अपनी चप्पल उतारी। दोनों लड़कों को बीच सड़क पर 25 सेकेंड मे 14 चप्पलें मारीं। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें