अब्बास बोले- मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं:खून की आखिरी बूंद तक साथ दूंगा; जो आया है, वह जाएगा भी

0
अब्बास बोले- मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं:खून की आखिरी बूंद तक साथ दूंगा; जो आया है, वह जाएगा भी

गाजीपुर में माफिया मुख्तार के विधायक बेटे अब्बास अंसारी ने कहा- मेरी रगों में वही लहू है, जरूरत पड़ी तो आखिरी बूंद तक साथ दूंगा। मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं। मेरी रगों में जो भी लहू है, वो आपकी अमानत है। जब जहां भी जरूरत है, वसूल कर लेना। ये वादा है मेरा आपसे। लोगों को यह नहीं सोचना चाहिए कि आज मेरे पिता हमारे बीच नहीं हैं। इसलिए कोई ताकत जुल्म करके निकल जाएगी। मेरे पिता को जानने वाले लोग आज भी मौजूद हैं। मैंने उनके संघर्ष और बहादुरी के किस्से सुने हैं। उन्होंने कहा- मैं अब्बास अंसारी आपसे वादा करता हूं- हुनर, ताकत और किरदार में लोगों को कम नहीं मिलूंगा। कलेजे में वही ताकत है। जहां भी आपको जरूरत पड़ेगी, अपने खून की आखिरी बूंद तक आपके मान-सम्मान की रक्षा करूंगा। अब्बास अंसारी ने शुक्रवार शाम 5 बजे कारगिल शहीद रामदुलार यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर बोल रहे थे। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार, राजनीतिक परिस्थितियों और आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी कई बड़ी बातें कहीं। पढ़िए अब्बास की कही 5 बड़ी बातें 1- दुनिया से जाने वाला अपने पीछे किस्से छोड़ जाता है अपने पिता का जिक्र करते हुए अब्बास ने कहा- परिस्थितियों ने ऐसी करवट ली कि आज मेरे पिता हमारे बीच नहीं हैं। दुनिया में जो भी व्यक्ति आया है, उसे एक दिन जाना ही है। वेद-पुराण से लेकर कुरान तक में जीवन और मृत्यु का उल्लेख है। लेकिन, दुनिया से जाने वाला व्यक्ति अपने पीछे काम और बहादुरी के किस्से छोड़ जाता है। 2- धर्म के नाम पर अलग करने की राजनीति नहीं होनी चाहिए आज धर्म और भगवान के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है। लोगों को धर्म के नाम पर अलग करने की राजनीति नहीं होनी चाहिए। 2024 के लोकसभा चुनाव में जिस भगवान का आशीर्वाद उन्हें चुनाव में मिला, वही भगवान सत्ता में बैठे लोगों को नीचे भी ला सकता है। राममंदिर की चंदा चोरी भी भगवान ने उजागर की है। प्रकृति का नियम है कि जब कोई व्यक्ति या ताकत अपने चरम पर पहुंचती है, फिर उसका नीचे आना तय होता है। 3- शहीद का सम्मान नहीं करने वालों को कुर्सी पर नहीं रहने देंगे जो लोग शहीद का सम्मान करना नहीं जानते, उन्हें सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। नौजवानों की पीठ पर लाठी चलाने और उनकी छाती पर लात रखने वालों को उत्तर प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। आने वाले चुनाव में लोगों को सोच-समझकर फैसला करना चाहिए और किसी भी जाति, धर्म या क्षेत्र के नाम पर अपने वोट को बंटने नहीं देना चाहिए। 4- चुनाव के समय मिलने वाले लालच में मत आइए अब्बास ने कहा- चुनाव के समय लोगों को अलग-अलग तरह के फायदे और लालच देने की कोशिश की जाती है। कुछ लोगों को कर्ज दिलाने, गाड़ी में तेल भरवाने या अन्य मदद का भरोसा देकर आपस में लड़ाने की कोशिश की जाती है। जनता को इस तरह की राजनीति को समझना होगा। किसी के बहकावे में आकर आपस में नहीं लड़ना चाहिए। लोगों को अब यह समझना होगा कि कौन उनके हित में है और कौन सिर्फ चुनाव के समय उनके बीच आता है। जनता को असली और नकली चेहरे की पहचान करनी होगी। जिस तरह देश के जवान सीमा की रक्षा करते हैं, उसी तरह लोगों को अपनी जमीन और अपनी मिट्टी की रक्षा के लिए भी सजग रहना होगा। 5- सरकार उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में फैसले ले रही अब्बास ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी निशाना साधा। कहा- उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में फैसले लिए जा रहे हैं। अगर लोग संगठित नहीं रहे, तो उन्हें पता भी नहीं चलेगा कि उनके गांव की जमीन किसके नाम चली गई। गांव की बंजर जमीन पर बड़े प्रोजेक्ट या गोदाम बनाए जा सकते हैं। इसलिए लोगों को इन सभी मुद्दों को समझना होगा और अपनी जमीन तथा अधिकारों को लेकर जागरूक रहना होगा। भोजपुरी में भी दिया एकजुटता का संदेश अब्बास अंसारी ने अपने भाषण के दौरान भोजपुरी में भी लोगों से बात की। उन्होंने कहा कि अब ज्यादा समय नहीं बचा है। आने वाले कुछ महीनों में चुनावी माहौल तेज हो जाएगा। चुनाव के समय अलग-अलग मुद्दों और पहचानों के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश होगी। कोई जाति के नाम पर, कोई धर्म के नाम पर और कोई पंथ के नाम पर लोगों को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेगा। उन्होंने लोगों से ऐसी कोशिशों से सावधान रहने की अपील की। ——————————- यह खबर भी पढ़ें योगी बोले-चीनी की कमी नहीं, जमाखोरों पर एक्शन लें, आदेश के बाद बागपत में छापेमारी, बरेली-नोएडा के डीएम ने मीटिंग बुलाई सीएम योगी ने लखनऊ में शनिवार को चीनी को लेकर अफसरों के साथ हाईलेवल मीटिंग की। उन्होंने कहा- प्रदेश में चीनी की कमी नहीं है। लोग बिल्कुल परेशान न हों। मिलों में 179.38 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक है। डीलर 30 दिन से ज्यादा का चीनी स्टॉक नहीं रख सकेंगे, जबकि डीलर 15 दिन से ज्यादा का स्टॉक नहीं रख सकेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें