कौशाम्बी में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा
कौशाम्बी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया गया। राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।
इसके बाद उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम डॉ. अमित पाल ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने-अपने दायित्वों का सत्यनिष्ठा, निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें, यही अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए, ताकि देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुण कुमार समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अमरनाथ झा -9415254415
