शादीशुदा प्रेमिका को घर बुलाकर 17 चाकू मारे, मौत:शादी से इनकार पर प्रेमी ने की वारदात, बुलंदशहर में लाश के पास बैठा रहा
बुलंदशहर में 42 साल के प्रेमी ने 38 साल की प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से 17 वार किए। पुलिस पहुंची तो आरोपी प्रेमिका के शव के पास चुपचाप बैठा मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शादीशुदा प्रेमिका पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं थी। मंगलवार रात 10 बजे आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया और अपने परिवार को छोड़कर शादी करने का दबाव बनाने लगा। प्रेमिका नहीं मानी तो नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से अफेयर था। आरोपी की पत्नी 3 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। मृतक महिला के 4 बच्चे हैं। उसका पति बर्तन की छोटी सी फैक्ट्री चलाता है। घटना जिला मुख्यालय से 25 किमी. दूर खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की है। तस्वीरें देखिए- घर से 200 मीटर दूर रहती थी प्रेमिका अजीत (42) मूल रूप से नेहरूपुर गांव का रहने वाला है। अजीत करीब 5-6 साल से खुर्जा की शिवलोक कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता है। वह खुर्जा की बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता है। दिल्ली के प्रेमनगर की रहने वाली बेबी की 15 साल पहले बुलंदशहर के पंकज से शादी हुई थी। दोनों के दो बेटे और दो बेटियां हैं। अजीत के कमरे से करीब 200 मीटर दूर बेबी रहती थी। पुलिस के मुताबिक, अजीत की पत्नी छोड़ गई तो उसका बेटा भी अलग रहने लगा। इसके बाद अजीत बेबी से नजदीकी बढ़ाने लगा। वह अक्सर बेबी का पीछा कर बातचीत करने की कोशिश करता था। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी और नजदीकियां बढ़ गईं। बेबी अक्सर अजीत के कमरे पर आने लगी। शादी का दबाव बनाया तो प्रेमिका ने बात बंद कर दी पुलिस के मुताबिक, अजीत बेबी से शादी करना चाहता था, लेकिन बेबी इसके लिए राजी नहीं थी। अजीत उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा, तो बेबी ने उससे दूरियां बना लीं। अजीत से फोन पर बात करना और मिलना-जुलना बंद कर दिया था। इसके चलते ही उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पहुंची तो फर्श पर खून फैला था पड़ोसियों के मुताबिक, मंगलवार रात अजीत के कमरे से शोर-शराबे की आवाज आ रही थी। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंची और दरवाजा खुलवाया। बेबी की लाश फर्श पर पड़ी थी और अजीत बगल में बैठा था। फर्श पर खून ही खून फैला था। पुलिस बेबी को अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पति बोला- फैक्ट्री से लौटा तो वारदात का पता चला महिला के पति पंकज उर्फ भंते ने बताया- मैं मंगलवार को काम पर गया था। रात 11:30 बजे जब काम करके लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। बच्चों ने बताया कि वह अजीत अंकल के घर गई है। मैं अजीत के घर पहुंचा तो पता चला कि उसने मेरी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मेरी पुलिस से अपील है कि अजीत के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी बोले- 17 वार के निशान मिले थाना प्रभारी रामफल सिंह ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू के 17 वार के निशान मिले हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ में दोनों के बीच अफेयर की बात सामने आई है। आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के पति की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। —————————————- ये खबर भी पढ़िए… गाय को टक्कर मारने पर सरकारी डॉक्टर को पीटा:बदायूं में भीड़ ने स्कॉर्पियो से खींचकर थप्पड़-घूसे मारे, कपड़े फाड़े; गाड़ी तोड़ी
बदायूं में मंगलवार दोपहर 2 बजे सरकारी डॉक्टर की स्कॉर्पियो की टक्कर से एक गाय घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ आक्रोशित हो गई। लोगों ने स्कॉर्पियो चला रहे डॉक्टर को गाड़ी से बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। उसको जमकर थप्पड़ और घूसे मारे। डॉक्टर के कपड़े फाड़ दिए। वह हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। इस दौरान भीड़ ने डॉक्टर की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पूरी खबर पढ़ें…
