यूपी के 10 शहरों में बारिश, 36 में अलर्ट:काशी में दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियां डूबीं, बलिया में घाघरा उफनाई, घरों को तोड़ रहे लोग

0
यूपी के 10 शहरों में बारिश, 36 में अलर्ट:काशी में दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियां डूबीं, बलिया में घाघरा उफनाई, घरों को तोड़ रहे लोग

यूपी में मानसूनी बारिश ने फिर से जोर पकड़ लिया है। गुरुवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी और जौनपुर समेत 10 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है। इधर, मौसम विभाग ने लखनऊ समेत 7 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटे में अमेठी, बाराबंकी, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश से यूपी की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। बांसडीह में लोग अपने पक्के घर तोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो रहे हैं। अब तक 150 परिवार घर छोड़ चुके हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां डूब गई हैं। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान से 11.90 मीटर नीचे बह रही है। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। पानी चेतावनी के निशान से 1.30 मीटर नीचे बह रहा है। वृंदावन के केशीघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। मंगलवार को प्रदेश के 40 शहरों में बारिश हुई थी। वहीं, 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 4 तस्वीरें देखिए- 80% हिस्से से बारिश वाले बादल गायब मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं के चलते प्रदेश के करीब 80% हिस्से से बारिश वाले बारिश वाले बादल गायब हो गए हैं। इस वजह से आधे से ज्यादा प्रदेश में बारिश नहीं हो रही है। लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पूर्वी यूपी के ऊपर मौसम का एक सिस्टम बना हुआ है। मानसून की लाइन तराई क्षेत्र से गुजर रही है। इसलिए बादल तो हैं, लेकिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश नहीं हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। अगले 48 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से 17 जुलाई के बाद यूपी में मानसून फिर सक्रिय होगा और अच्छी बारिश होगी। यूपी के मौसम के पल-पल अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें