कड़ा धाम में श्रद्धालु की बोलेरो चोरी, एक साल में चौथी वारदात से मचा हड़कंप
कौशाम्बी। आस्था के प्रमुख केंद्र कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की बोलेरो कार चोरी हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु अपनी बोलेरो कार मंदिर परिसर के पास खड़ी कर मां शीतला देवी के दर्शन करने गए थे। वापस लौटने पर वाहन निर्धारित स्थान से गायब मिला। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बाद भी जब बोलेरो का कोई पता नहीं चला तो पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले एक वर्ष के भीतर कड़ा धाम क्षेत्र से बोलेरो चोरी की यह चौथी घटना है। उनका आरोप है कि अब तक हुई किसी भी वाहन चोरी का पुलिस संतोषजनक खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार हो रही चोरियों के कारण श्रद्धालुओं में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि कड़ा धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन वाहन पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं दिखाई देती। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन बरामद करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने कड़ा धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब इन घटनाओं पर अंकुश लगेगा और वाहन चोरों का खुलासा होगा।
रिपोर्ट – अमरनाथ झा
