कौशाम्बी में 18 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, प्रेम प्रसंग या लूट? जांच में जुटी पुलिस
कौशाम्बी। मंझनपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार देर शाम महुवाखाड़ा गांव के पास डूडीबाग निवासी शिव प्रसाद कुमार पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि पांच लोगों ने मिलकर शिव प्रसाद पर हमला किया और उसके पास मौजूद करीब 50 हजार रुपये नकद व 45 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लूट लिया। बताया जा रहा है कि घायल हालत में युवक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और अपनी मां को फोन कर मदद की गुहार लगाई।
गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना में घायल एक युवती का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दूसरी ओर पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर मंझनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी ने तीन टीमों का गठन किया है। पुलिस अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह के अनुसार पुलिस प्रेम प्रसंग और लूट के आरोप दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
