यूपी के 30 शहरों में बारिश, 13 में स्कूल बंद:लखनऊ में सुबह से बरसात, प्रतापगढ़ में स्कूल की दीवार गिरी; प्रदेश में 11 मौतें
यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार सुबह 5 बजे से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत 30 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बाकी जिलों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज 49 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी है। पूरी रात रिमझिम बरसात हुई। सुबह 6.15 बजे बारिश थमी, लेकिन आसमान में काले बादल छाए रहे। करीब 45 मिनट बाद फिर से अंधेरा छा गया। बूंदाबांदी होने लगी। सड़कों पर लोग रेनकोट और छातों के साथ दिखाई दिए। बिजनौर में इतनी बारिश हुई कि सरकारी स्कूल की दीवार गिर गई। वाराणसी और प्रतापगढ़ में गलियों सड़कों पर पानी भर गया। हापुड़ के कई इलाकों में 2-2 फीट पानी भर गया है। खराब मौसम को देखते हुए मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और गाजियाबाद समेत 13 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद हैं। पिछले 48 घंटे में खराब मौसम की वजह से हुए हादसों में 11 लोगों की जान चली गई। संभल में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हरदोई में नदी में नहाने गईं 2 बहनें तेज बहाव में बह गईं। किसान ने एक को बचा लिया। दूसरी लापता है। सहारनपुर में सहंश्रा नदी के तेज बहाव में एक महिला समेत 3 लोग बाइक सहित बहने लगे, जिन्हें ग्रामीणों ने बचा लिया। बारिश की तस्वीरें देखिए- सीएम बोले- अफसर फील्ड में उतरें, 24 घंटे में मुआवजा दें भारी बारिश, बिजली गिरने से हुईं मौतों का सीएम योगी ने संज्ञान लिया। अधिकारियों से नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के अंदर मुआवजा देने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा- अधिकारी फील्ड में उतरें। प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर हरसंभव मदद करें। योगी ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में अब तक 27% कम बरसात बीते दिन 69 शहरों में बारिश, नजीबाबाद में रिकॉर्ड 306 मिमी. बरसात इससे पहले, गुरुवार को प्रदेश के 69 शहरों में बारिश हुई। बिजनौर के नजीबाबाद में रिकॉर्ड 306 मिमी. बारिश हुई। 1952 से अब तक के रिकॉर्ड में यह 24 घंटे में चौथी सबसे ज्यादा बारिश है। वहीं, जुलाई महीने के रिकॉर्ड में यह तीसरी सबसे ज्यादा बारिश है। मेरठ मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया है। ओपीडी बंद कर दी गई। यूपी में मौसम के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….
