आवारा सांड का आतंक: शौच कर लौट रहे युवक पर हमला, गर्दन में गंभीर चोट लगने से दर्दनाक मौत
कौशाम्बी। जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र के गरई गांव में देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की तरफ से शौच कर वापस लौट रहे युवक पर जंगल के पास अचानक आवारा सांड ने हमला कर दिया। सांड के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और गर्दन में गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान रामकुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामकुमार 7 जुलाई को बांदा जिले के जरौली गांव से गरई गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया हुआ था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उसके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
