36 लाख रुपये के विवाद में धीरेंद्र गिरि समेत तीन पर मुकदमा, धमकी देने का आरोप
प्रयागराज। जनपद के घूरपुर थाना क्षेत्र में 36 लाख रुपये के आर्थिक विवाद को लेकर एक मामला दर्ज किया गया है। देवरिया गांव निवासी विमलेश गौतम की तहरीर पर पुलिस ने प्रतापगढ़ जनपद के महेशगंज निवासी धीरेंद्र गिरि, गिरीशचंद्र गिरि और रश्मि गिरि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विमलेश गौतम का आरोप है कि आरोपितों ने आपसी संबंधों का लाभ उठाते हुए अलग-अलग समय पर उनसे नकद धनराशि, आर्थिक सहायता और निर्माण सामग्री प्राप्त की। आरोप है कि कुल लेनदेन की राशि लगभग 36 लाख रुपये है, जिसे वापस मांगने पर लगातार टालमटोल की जाती रही।
तहरीर के अनुसार, बाद में आरोपितों द्वारा 30 लाख रुपये का चेक दिया गया, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर उसका भुगतान नहीं हो सका। शिकायतकर्ता का कहना है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा।
आरोप है कि 30 अप्रैल 2026 की रात आरोपित पक्ष के कुछ लोग शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और बकाया राशि को लेकर विवाद किया। विरोध करने पर गाली-गलौज, धमकी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस घटना के बाद उनका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घूरपुर पुलिस ने एफआईआर संख्या 0224/2026 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 318(4), 333, 352 एवं 351(2) के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि नामजद आरोपित पूर्व में भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं तथा उनके पुराने मामलों की जांच कराए जाने की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घूरपुर पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
