बीच सड़क दीवार बनाकर चल रहा पुल निर्माण, हादसे का खतरा
कौशाम्बी। जनपद के बैरमपुर रोड स्थित भगतपुरवा गाँव के पास चल रहे पुल निर्माण कार्य में ठेकेदार की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। निर्माण स्थल पर सड़क के ठीक बीचों-बीच करीब 3 से 3.5 फीट ऊंची ईंटों की दीवार खड़ी कर दी गई है, जिससे आमजन के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है।
बिना चेतावनी के बना ‘खतरे का जाल’….
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस निर्माण स्थल पर न तो कोई चेतावनी संकेत (Sign Board) लगाया गया है और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग की गई है। इससे वाहन चालकों को अचानक सामने आई दीवार के कारण अंतिम क्षण में दिशा बदलनी पड़ती है, जो दुर्घटना को न्योता दे रहा है।
रात में बढ़ जाता है खतरा…
रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है। अंधेरे में सड़क के बीच बनी यह दीवार दूर से दिखाई नहीं देती, जिससे तेज रफ्तार बाइक और अन्य वाहन सीधे टकरा सकते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जिम्मेदारों की अनदेखी…
निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जबकि नियमों के तहत निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, फ्लैश लाइट और चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य होता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ,रात में रिफ्लेक्टर और लाइट की व्यवस्था हो लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए । अगर समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है।
