पतौना गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा, लेखपाल पर मिलीभगत के आरोप
👉 कालोनी के नाम पर वसूली, ग्रामीणों में आक्रोश..
कौशाम्बी । जिले के सिराथू तहसील अंतर्गत पतौना गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा खुलेआम कब्जा किया जा रहा है। इस मामले में रमेश चंद्र सोनकर, दिलीप कुमार, इंद्रसेन कश्यप, शिव पूजन और राम पूजन समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने बिना किसी वैध प्रक्रिया के सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरा खेल स्थानीय लेखपाल दुर्गेश मिश्रा की मिलीभगत से चल रहा है। लोगों का कहना है कि लेखपाल की शह पर ही भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे बिना किसी डर के सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि कुछ माह पहले लेखपाल ने इसी तरह जमीनों पर कब्जा कराकर मोटी रकम वसूली, जिससे उसने बुलेरो गाड़ी खरीदी।
वहीं, अनिल तिवारी पर कालोनी के नाम पर 30 से 50 हजार रुपये तक की अवैध वसूली करने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों को कालोनी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे लिए गए, लेकिन बदले में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिए गए।
इस पूरे मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी जमीन पूरी तरह कब्जाधारियों के कब्जे में चली जाएगी। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415
