कौशाम्बी के मंझनपुर तहसील क्षेत्र में ऊनो बभनपुरवा कोटेदार की दबंगई का मामला उजागर,कोटेदार पर घटतौली व अवैध वसूली के आरोप
👉 पीड़ितों ने एसडीएम सदर व मुख्यमंत्री को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
👉 शिकायत के बावजूद अब तक प्रशासनिक कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष।
कौशाम्बी। जनपद के मंझनपुर तहसील क्षेत्र में एक कोटेदार की दबंगई और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बभन पुरवा मजरा ऊनो गांव के कोटेदार संतोष कुमार पुत्र लल्लू पर लाभार्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि कोटेदार द्वारा सरकारी राशन वितरण में लगातार गड़बड़ी की जा रही है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गांव के संतोष कुमार, राजेंद्र पांडेय, दीपचंद, बबली सहित कई ग्रामीणों ने 17 दिसंबर को उपजिलाधिकारी मंझनपुर को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि कोटेदार प्रति यूनिट लगभग दो किलो राशन की घटतौली करता है और ₹20 प्रति यूनिट के हिसाब से अवैध वसूली करता है। आरोप है कि कोटेदार नशे की हालत में राशन की दुकान पर बैठता है और लाभार्थियों से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें दुकान से भगा देता है, जबकि अंगूठा लगवाकर राशन का पूरा उठान दिखा देता है।
पीड़ितों के अनुसार कोटेदार दबंग प्रवृत्ति का है और शिकायत करने पर दुकान निरस्त कराने व झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है, जिससे ग्रामीण भयभीत रहते हैं और खुलकर विरोध नहीं कर पाते। इस पूरे प्रकरण को लेकर पीड़ितों ने एसडीएम सदर के साथ-साथ मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं हुई तो गरीब लाभार्थियों का हक लगातार मारा जाता रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415
