दलित युवक से मारपीट के मामले में 20 दिन बाद भी नहीं दर्ज हुई दलित की एफआईआर , अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर अवैध कब्जे के विरोध पर किए हमला, पुलिस कार्रवाई पर सवाल, थाना करारी क्षेत्र का मामला
👉 थाना करारी क्षेत्र के भैला मकदूमपुर गांव में दलित युवक से मारपीट का मामला आया है सामने। आरोप है कि अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर अवैध कब्जे के विरोध पर दबंगों ने किया था हमला ।
👉 पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 व थाना करारी में तहरीर देकर किया था शिकायत। 20 दिन बीतने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक नहीं दर्ज हुई एफआईआर।
👉 पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसे लगातार दे रहे हैं धमकी
👉 पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की किया है आईजी प्रयागराज से ध्यान आकृष्ट कराकर मांग।
👉 बिना उच्च अधिकारियों के आदेश लिए नहीं लिखा जाता है दलितों का किसी भी थानों में SC/St एक्ट का मुकदमा ।
कौशाम्बी । जिले के थाना करारी क्षेत्र के भैला मकदूमपुर गांव में दलित युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें आरोप है कि विधिसम्मत तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पीड़ित अनिल कुमार सरोज का कहना है कि उसने गांव में 25 वर्षों से स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप गंदगी फैलाने और भूमि पर अवैध अतिक्रमण के प्रयास का शांतिपूर्वक विरोध किया था।
पीड़ित के अनुसार 23 नवंबर 2025 को शिवलोचन पटेल एवं उनके परिजनों द्वारा प्रतिमा स्थल के पास खुदाई कर कब्जे की कोशिश की जा रही थी। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसी दिन थाना करारी में लिखित तहरीर दी गई, किंतु नियमानुसार अभियोग पंजीकृत नहीं किया गया। 
आरोप है कि इसके पश्चात पीड़ित ने एक सप्ताह के भीतर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर विधिक कार्रवाई की मांग की, परंतु अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। इस बीच आरोपितों द्वारा पीड़ित को लगातार धमकियां दी जा रही हैं तथा उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की चेतावनी दी जा रही है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि वर्ष 1991 में संबंधित व्यक्तियों को एक-एक बिस्वा भूमि का आवंटन हुआ था, जबकि आरोप है कि उन्होंने उससे कहीं अधिक 6- 7 बिसुवा भूमि पर निर्माण कर लिया है। बाबा साहब की प्रतिमा दो बिस्वा भूमि पर स्थापित है, जिस पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित अनिल कुमार सरोज ने उच्चाधिकारियों से प्रकरण का संज्ञान लेते हुए नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने, भूमि विवाद की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
