26 गज जमीन के लिए तलवार से काट डाला:बिजनौर में भाई बोला- घात लगाकर बैठे तीन भाइयों ने ताबड़तोड़ वार किए, आधी गर्दन कटी
बिजनौर में मंगलवार की रात सिख युवक की तलवार से काटकर हत्या कर दी गई। बड़े भाई ने बताया कि वो साथ में एक रिश्तेदार को खाना देकर लौट रहा था। तभी गांव के पांच से सात लोगों ने रास्ते में रोककर पहले मेरे भाई को पीटा। उसके बाद तलवार से गले पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। बीच बचाव की कोशिश में हमलावरों ने मुक्का मारकर उसके दांत तोड़ दिए। हत्याकांड के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के पीछे 26 गज की जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पूरा मामला जिला मुख्यालय से करीब 45 किमी चांदपुर तहसील के नूरपुर थाना क्षेत्र का है। दो विजुअल देखिए अब समझिए पूरा मामला गांव राहूनंगली निवासी महिपाल सिंह रहते हैं। उनका बड़ा बेटा गुरचरन सिंह और अरवेन्द्र सिंह पूरन (37) था। गुरचरन ने बताया कि हम लोगों का गांव के ही हरविंदर सिंह, प्रवेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह से नूरपुर में 26 गज जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जिसका कोर्ट में केस भी चल रहा है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हम लोग पास के मोहल्ले गोविंद नगर में रिश्तेदार सूरज सिंह के बेटे अरविंदर इकबाल सिंह को खाना देने गए थे। लौटते समय गोविंद नगर में पिल्खन के पेड़ के नीचे पहले से घात लगाए बैठे गांव के तीन सगे भाई हरविंदर सिंह, प्रवेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह और दो अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। पांच से सात लोगों ने हमला किया आरोप है कि इसी दौरान हरविंदर ने तलवार निकानकर मेरे भाई अरवेन्द्र की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे वो मौके पर ही गिर पड़ा और तड़पने लगा। इस दौरान जब मैंने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने लात घूंसों और मुक्के मारकर मेरे दांत तोड़ दिए। इसके बाद आरोपी धमकाते हुए फरार हो गए। गुरचरन ने परिवार वालों को वारदात की सूचना दी तो परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन अरवेन्द्र को चांदपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सीएचसी पर परिवार वालों का हंगामा परिवार के लोग अस्पताल के बाहर हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ देश दीपक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा। मृतक के भाई गुरचरन सिंह पुत्र महिपाल सिंह ने आरोपी हरविंदर सिंह, प्रवेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। गुरुद्वारा न आने की धमकी दी थी तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने गुरुपूर्णिमा पर गुरुद्वारा के प्रोग्राम में न आने की धमकी दी थी। जिसके चलते हम लोग उस कार्यक्रम में भी नहीं गए थे। लेकिन आरोपियों ने घात लगाकर मेरे भाई की हत्या कर दी। अरवेन्द्र सिंह की हत्या के बाद उनकी पत्नी तीन बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग हत्या के बदले की मांग कर रहे हैं। अरवेंद्र चश्मा बेचने का काम करते थे। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया- जमीन को लेकर विवाद में हत्या हुई है। मामले में 7 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। जल्दी ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
