अयोध्या को बनाएंगे ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’: अखिलेश:मंदिर में चोरी विवाद से श्रद्धालु घटे, कारोबार पर भी असर
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चोरी के विवाद से आहत होकर अयोध्या आने वाले आस्थावान और श्रद्धालुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही है। इसका सीधा असर अयोध्या की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। सपा सरकार बनने पर अयोध्या के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के साथ मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाएगी। अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़कर ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाया जाएगा। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट के जरिए अयोध्या के लिए अपनी पार्टी का विजन सामने रखा। इसमें उन्होंने मंदिरों की व्यवस्था, पर्यटन, स्थानीय कारोबार, नाविकों के रोजगार, गरीबों के राशन और जमीन से जुड़े कथित घोटालों जैसे मुद्दों को शामिल किया। उनका कहना है कि अयोध्या की धार्मिक पहचान और स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। राम मंदिर की व्यवस्था होगी पारदर्शी अखिलेश ने राम मंदिर में चोरी के विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आस्थावान लोगों को ठेस पहुंची है। श्रद्धालुओं की घटती संख्या का असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार अयोध्या के मंदिरों को पारदर्शी व्यवस्था देगी, जिससे लोगों का विश्वास दोबारा कायम हो सके। उन्होंने अयोध्या में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की बात कही। उनके मुताबिक, शहर में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिले और अयोध्या धार्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित हो। नाविकों को रोजगार व निषादराज के रिश्ते को फिर स्थापित करने का वादा अखिलेश ने अयोध्या में पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि इससे परंपरागत नाविकों को रोजगार मिलेगा और भगवान राम तथा निषादराज के प्रगाढ़ संबंध को फिर से स्थापित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर इस ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध को कमजोर करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का प्रभुत्ववाद नहीं चाहता कि भगवान राम और पीडीए समाज के बीच गले मिलने का वह दृश्य लोगों को याद रहे। बाहरी ठेकेदारों से अयोध्या को मुक्त कराएंगे सपा अध्यक्ष ने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और निर्माण कार्यों में बाहरी लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराया जाएगा और जमीनों की जांच कराई जाएगी। अखिलेश ने सर्किल रेट से जुड़े कथित महाघोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें शामिल भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। अयोध्या की लूट से भरे उनके खजाने खंगाले जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों ने अयोध्या को लूटा है और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी की गई है। राशन में तेल-घी और गरीब महिलाओं को आर्थिक मदद का वादा अखिलेश यादव ने गरीबों के राशन और पोषण को भी अपने अयोध्या विजन का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर राशन में तेल और घी दिया जाएगा, ताकि गरीब परिवारों की पौष्टिक जरूरतें पूरी हो सकें। उन्होंने ऐसी अयोध्या बनाने की बात कही, जहां किसी गरीब महिला या बच्चे को अपमानित और प्रताड़ित न किया जाए। पोस्ट में उन्होंने तेल बटोर रही गरीब महिला और बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। AI वीडियो से समझाया पीडीए सरकार का राशन मॉडल अखिलेश यादव ने पोस्ट के साथ एक AI जनरेटेड वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में दीयों से तेल इकट्ठा कर रहा एक बच्चा दिखाई देता है। एक महिला उससे पूछती है कि वह ऐसा क्यों कर रहा है। बच्चा बताता है कि उसके पिता नहीं हैं और वह घर के राशन के लिए तेल इकट्ठा कर रहा है। इस पर महिला उसे भरोसा दिलाती है कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। कुछ दिन बाद पीडीए सरकार आएगी और घर के राशन के साथ सरसों का तेल भी मुफ्त मिलेगा। वीडियो में महिला यह भी कहती है कि उसकी मां को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस वीडियो के जरिए अखिलेश ने गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं और बच्चों को केंद्र में रखकर अपनी सरकार की प्रस्तावित कल्याणकारी योजनाओं का संदेश देने की कोशिश की है। राशन में तेल-घी देने के वादे को उन्होंने सीधे गरीब परिवारों की पोषण संबंधी जरूरतों से जोड़ा है। धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों पर होगी कार्रवाई अखिलेश ने अपने पोस्ट में धार्मिक सौहार्द और धर्मस्थलों से जुड़े विवादों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसमें कोई भी व्यक्ति भगवान राम, भगवान कृष्ण या किसी अन्य धर्म के आराध्यों और महापुरुषों का अपमान करके स्वतंत्र न घूम सके। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले लोगों को संरक्षण देने वालों को भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश में संलिप्त पाए जाने पर दंडित किया जाएगा। अयोध्या के जरिए भाजपा को घेरने की रणनीति अखिलेश यादव की इस पोस्ट में अयोध्या को लेकर धार्मिक आस्था, स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, भ्रष्टाचार और सामाजिक न्याय के मुद्दों को एक साथ रखा गया है। खास बात यह है कि उन्होंने राम मंदिर को लेकर उठे चोरी के विवाद को स्थानीय कारोबार और श्रद्धालुओं की संख्या से जोड़कर भाजपा को घेरने की कोशिश की है। कुल मिलाकर, अखिलेश यादव ने अयोध्या को केवल धार्मिक पर्यटन स्थल के तौर पर नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार, पारदर्शी मंदिर व्यवस्था, गरीबों के कल्याण और सामाजिक सम्मान से जुड़े राजनीतिक एजेंडे के रूप में पेश किया है।
