यूपी में चेकिंग देख चलती ट्रेन से कूदने लगे यात्री:टायलेट का गेट खटखटाकर टीटीई बोले- बाहर निकलो, 371 लोग पकड़े गए
बाराबंकी में बुधवार दोपहर ट्रेन में चेकिंग के दौरान भगदड़ मच गई। एक साथ कई टीटीई जैसे ही पुलिस के साथ बोगी (कोच) में घुसे, बिना टिकट वाले यात्री ट्रेन से बाहर कूदने लगे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री ट्रेन से बाहर कूदने के बाद गिरते दिख रहे। वहीं, कई यात्रियों बचने के लिए खुद को टॉयलेट में बंद कर लिया, जिन्हें टीटीई ने गेट खटखटा कर बाहर निकाला। इसके बाद बारी-बारी से यात्रियों से फाइन वसूला गया। 5-6 ट्रेनों में टिकट चेकिंग के दौरान रेलवे पुलिस ने 371 लोगों को पकड़ा। घटना दोपहर 2 बजे की रसौली रेलवे स्टेशन की है। 2 तस्वीरें देखिए… अयोध्या से लखनऊ जा रही ट्रेन से कूदे यात्री बाराबंकी के रसौली रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अयोध्या से लखनऊ जा रही ट्रेन (64215) पहुंचीं। ट्रेन के पहुंचते ही चेकिंग टीम धड़ल्ले से ट्रेन में चढ़ गई। ट्रेन के चलते ही चेकिंग शुरू कर दी गई। यह देखकर बिना टिकट वाले यात्री घबरा गए। सभी खुद को बचाने के लिए बोगी के अंदर इधर-उधर भागने लगे। यात्रियों ने चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। इनमें कुछ महिला यात्री भी थीं। वह भी सामान लेकर चलती ट्रेन से कूदने लगीं। रेलवे पुलिस ने यात्रियों को टायलेट से बाहर निकाला बिना टिकट के ट्रेन में चढ़े यात्री बचने के लिए टॉयलेट में छिप गए। चेकिंग टीम के साथ तैनात रेलवे पुलिस की टीम ने बिना टिकट वाले यात्रियों को तलाशना शुरू कर दिया। इसके बाद टॉयलेट के दरवाजे खुलवाकर अंदर छिपे यात्रियों को बाहर निकाला गया। चेकिंग टीम ने गरीब नवाज एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-लखनऊ मेमू समेत कई ट्रेनों में टिकट की जांच की। कुल 371 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे रेलवे टीम ने 2 लाख 86 हजार 580 रुपए जुर्माना वसूला। नियमों के उल्लंघन के 36 मामले ACJRM कोर्ट में पेश किए गए। बिना टिकट ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों के भागने और टॉयलेट में छिपने का वीडियो भी सामने आया है। इस मामले के बाद से रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि बिना टिकट यात्रा न करें और चेकिंग से बचने के लिए ट्रेन से कूदने जैसी खतरनाक कोशिश बिल्कुल न करें। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बताया- बेटिकट यात्रियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इन लोगों की वजह से टिकट लेकर यात्रा कर रहे लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। साथ ही विभाग के राजस्व को भी बड़ा नुकसान पहुंचता है। —————————— ये खबर भी पढ़िए- प्रेमानंद महाराज का नया आश्रम, जहां पहुंचे विराट-अनुष्का:मथुरा में पौने 9 बीघा जमीन पर बना, डायलिसिस यूनिट भी लगी संत प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित नए आश्रम यमुना विहार कुंज के बारे में भक्त जानना चाहते हैं। प्रेमानंदजी अपने पुराने केली कुंज आश्रम को छोड़कर यहीं भजन-साधना कर रहे हैं। यहीं भक्तों को दर्शन देते हैं। महाराज ने केली कुंज आश्रम छोड़कर यमुना किनारे नया ठिकाना क्यों बनाया? यहां तक पहुंचने का रास्ता क्या है? पूरी रिपोर्ट पढ़िए…
