लखनऊ में हनुमंत धाम के गर्भगृह में भरा पानी:20 साल बाद ऐसे हालात; गोंडा में फसलें नदी में समाई, 33 जिलों में अलर्ट
यूपी में पहाड़ों पर हुई बारिश से 10 नदियां उफान पर हैं। लखनऊ और सीतापुर समेत 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 8वें दिन बढ़ रहा है। फैजुल्लागंज इलाके के 40 हजार घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है। मां चंद्रिका देवी मंदिर और हनुमंत धाम परिसर डूब गया। लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच गया है। 20 साल बाद गर्भगृह में पानी पहुंचा है। 2006 के बाद यह स्थिति दोबारा देखने को मिली है। इधर, गोंडा में सरयू नदी का कटान तेज हो गया है। किसानों की 2 बीघा गन्ने की फसल नदी में समा गई। सोमवार देर शाम 8 जिलों में आंधी-बारिश हुई। बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में ओले गिरे। आंधी से सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। किसानों की फसलें गिर गईं। आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट है। लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- यूपी से मानसून की वापसी हो चुकी है। लेकिन बिहार और यूपी के ऊपर बारिश का नया सिस्टम बना है। बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। इसलिए यूपी के मौसम में बदलवा आया है। इसके चलते एक हफ्ते से बारिश की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं। बारिश और बाढ़ से जुड़े इनपुट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
