यूपी में वाटरफॉल में अचानक बढ़ा पानी, 3 पर्यटक फंसे:3 घंटे पत्थर पर बैठे रहे, रस्सी फेंककर बचाया; चित्रकूट में 2 दिन स्कूल बंद
यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। चंदौली में चंद्रप्रभा नदी में अचानक आई बाढ़ से राजदारी-देवदारी वाटरफॉल में जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव में 3 पर्यटक फंस गए। तीनों एक ऊंचे पत्थर पर चढ़ गए। 3 घंटे तक मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने रस्सी की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। उधर, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। रामघाट पर रात करीब 10:40 बजे पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया। हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। इससे पहले दो दिनों तक तबाही मचाने के बाद जब जलस्तर घटा, तब घर, दुकानें और सड़कें कीचड़ और मलबे से पट गईं। गलियों में कीचड़ ही कीचड़ नजर आया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। कक्षा 8 तक स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित कर दी है। नदी के किनारों के करीब रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नदी के पास न जाएं। इधर, सोमवार सुबह बरेली, मुरादाबाद, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत 15 जिलों में बारिश हुई। कानपुर और आगरा समेत 20 शहरों में बादल छाए हैं। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए अमेठी, सुल्तानपुर और मिर्जापुर में 8वीं और भदोही में 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आज प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 14 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
