कौशांबी में सिर कटा शव मिलने से हड़कंप, घर से निकले युवक की सुबह मिली लाश

0
88b24daf-a8c3-45a4-8b0d-01e070a74d54

कौशांबी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के बधवा रजवर मोड़ के पास मंगलवार सुबह निर्माणाधीन मकान में एक युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान समदा निवासी करीब 30 वर्षीय रसीद के रूप में बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, रसीद सोमवार शाम को किसी काम से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। शव का सिर धड़ से अलग मिलने के कारण घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि रसीद चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके परिवार में एक बच्ची भी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही मंझनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। सीओ समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रसीद सोमवार शाम घर से निकलने के बाद किन लोगों के संपर्क में था और वह निर्माणाधीन मकान तक कैसे पहुंचा। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट -अमरनाथ झा -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें