काशी में 15-घंटे बारिश, BHU अस्पताल में घुटनों तक पानी:मरीज को कंधे पर लादकर पहुंचे लोग, सड़कें डूबीं, घरों में घुसा पानी

0
काशी में 15-घंटे बारिश, BHU अस्पताल में घुटनों तक पानी:मरीज को कंधे पर लादकर पहुंचे लोग, सड़कें डूबीं, घरों में घुसा पानी

पूर्वी यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। मंगलवार सुबह से लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, झांसी, जौनपुर और प्रतापगढ़ समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। आसमान में घने काले बादल छाए हैं। दिन में अंधेरे जैसा माहौल है। काशी में 15 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से सड़कें लबालब हो गई हैं। गलियां तालाब बन गई हैं। पानी घरों में घुस गया है। कई जगहों पर 3-4 फीट तक जलभराव में गाड़ियां फंस गईं। BHU अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया। लोग मरीजों को कंधे पर बैठाकर वार्ड तक ले जाते दिखाई दिए। जौनपुर में 9 घंटे से झमाझम बारिश हो रही है। सड़कें जलमग्न हो गईं। भारी बारिश की वजह से वाराणसी में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जौनपुर, गाजीपुर, प्रतापगढ़, चंदौली और अंबेडकरनगर में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। प्रयागराज समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इधर, लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लखीमपुर में शारदा नदी पर बने तमोलिनपुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया। दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ललितपुर में खेड़ार नदी के पुल के ऊपर से लगभग तीन फीट पानी बह रहा है। सिरसी पुल भी डूब गया है। बदायूं में रामगंगा नदी का पानी सड़कों के ऊपर बह रहा है। इससे पहले, सोमवार को 65 शहरों में बारिश हुई। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। अयोध्या के बीकापुर में तेज आंधी और बारिश से झोपड़ी ढह गई। छप्पर के नीचे बैठे एक बच्चे और युवती की दबने से मौत हो गई। गाजीपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की जान चली गई। मुगलसराय में कच्ची दीवार गिरने से एक मासूम की मौत हो गई। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पूर्वी यूपी में बने चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले कुछ दिन तक पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में बहुत भारी बारिश के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में पछुआ हवाओं की वजह से फिलहाल तेज या भारी बारिश की संभावना काफी कम है। आज किन जिलों में बारिश हो सकती है, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें