प्रयागराज में घरों की आधी मंजिल तक पानी, कारें-बाइकें डूबीं:गलियों में नावों से रेस्क्यू; यूपी के 25 शहरों में बारिश, 75 में अलर्ट

0
प्रयागराज में घरों की आधी मंजिल तक पानी, कारें-बाइकें डूबीं:गलियों में नावों से रेस्क्यू; यूपी के 25 शहरों में बारिश, 75 में अलर्ट

मानसून ने फिर से पूरे यूपी को कवर कर लिया है। सोमवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाए होने की वजह से अंधेरे जैसा माहौल बना हुआ है। प्रयागराज में देर रात से हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। करेली इलाके की कॉलोनियों और गलियों में 4 फीट तक पानी भर गया है। कारें और बाइकें डूब गई हैं। मकानों के ग्राउंड फ्लोर आधे डूब चुके हैं। लोग पहली मंजिल पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। पुलिस और NDRF की टीम लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। संभल में सरकारी अस्पताल के बाहर एक फीट पानी भर गया है। सीतापुर और रायबरेली में बारिश की वजह से स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। लखनऊ में 3 घंटे से हो रही तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गई हैं। यहां रविवार को इस सीजन में एक दिन में सबसे ज्यादा 40.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इधर, यूपी में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। कानपुर-उन्नाव में गंगा किनारे बसे इलाके जलमग्न हो गए हैं। 500 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। सड़कों और गलियों में नावें चल रही हैं। लोग छतों पर जिंदगी काटने को मजबूर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। वाराणसी में घाट के किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है। रत्नेश्वर महादेव और ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर 70% तक डूब गए हैं। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रहा है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ रहा है, कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर मजबूत होता जाएगा। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। अच्छी बारिश हो रही है। अगले 3 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें