चित्रकूट में मंदाकिनी उफनाई, घाट-पुल डूबे:उन्नाव में स्टीमर से पहुंचीं मंत्री; लखनऊ में बारिश के बाद धूप, 75 जिलों में अलर्ट
यूपी में बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना, शारदा समेत 11 नदियां चेतावनी बिंदु को पार कर गईं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। रामघाट की सभी सीढ़ियां डूब गई हैं। नदी के बगल में बने आरोग्यधाम पुल के ऊपर से मंदाकिनी का पानी बह रहा है। प्रशासन लाउडस्पीकर से अनाउंस कर लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील कर रहा है। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। शुक्रवार को उच्च शिक्षा राज्यमंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी स्टीमर से बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचीं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल डूब गया। शनिवार सुबह 6 बजे लखनऊ, बाराबंकी और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। करीब एक घंटे की तेज बारिश के बाद धूप निकल आई। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले, शुक्रवार को गाजियाबाद, मेरठ समेत 60 शहरों में बारिश हुई। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों से गुजर रहा है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ रहा है, कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर मजबूत होता जाएगा। इसका व्यापक असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। भारी बारिश हो सकती है। आज कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
