डिलीवरी के बाद पत्नी-नवजात को चारपाई से नदी पार कराई:लखनऊ समेत 15 शहरों में बारिश; उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुसा, लोग छतों पर सो रहे
यूपी में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। शुक्रवार तड़के से ही लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, बरेली और संभल समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बाकी जिलों में बादलों की आवाजाही जारी है। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से आगरा शहर से 50 किलोमीटर दूर पिनाहट गांव में बरसाती नदी उफान पर है। यहां एक शख्स ने प्रसव के बाद पत्नी और नवजात को चारपाई के सहारे नदी पार कराई। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर कोई पुल नहीं है। बारिश के दिनों को छोड़कर यह नदी पूरे साल सूखी रहती है, लेकिन बरसात के वक्त लोग जान जोखिम में डालकर इसे पार करते हैं। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां चेतावनी बिंदु को पार कर गई हैं। 16 जिलों में 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा फर्रुखाबाद के 49 गांवों में बाढ़ का असर है। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। कानपुर के 5 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल डूब गया है। इससे पहले, गुरुवार को प्रयागराज, गोरखपुर और आजमगढ़ समेत 15 जिलों में बारिश हुई। जौनपुर में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। गोरखपुर में सड़कों पर एक फीट पानी भर गया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा- बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ेगा। आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। आज कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
