पुरानी रंजिश में फायरिंग, दो घायल; गैंगरेप केस का आरोपी और पूर्व ₹25 हजार का इनामी फिर चर्चा में

0
fbht

कौशाम्बी | सराय अकिल

सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर देर रात हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। घटना में सूरज सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि राजीव के हाथ में छर्रे लगने से वह घायल हो गया। दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया।

पुलिस ने मामले में गुलशन त्रिपाठी, राहित और विकास दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।

बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी गुलशन त्रिपाठी का आपराधिक इतिहास पहले भी सुर्खियों में रहा है। वह वर्ष 2021 के एक चर्चित गैंगरेप मामले में आरोपी रह चुका है तथा पूर्व में ₹25 हजार का इनामी भी घोषित किया गया था। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला भी उससे जुड़ा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद क्षेत्र में मारपीट और दबंगई की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ ग्रामीणों ने उस पर गांजा तस्करी से जुड़े होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि गंभीर आपराधिक इतिहास वाले आरोपियों की रिहाई के बाद उनकी गतिविधियों पर निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी।

अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि फायरिंग के मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें