राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में 30,886 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 26 स्वर्ण पदकों में 20 छात्राओं का दबदबा

0
bc0306ea-33b5-46d2-bc61-123277ffe762

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए। समारोह में कुल 30,886 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई, जबकि 26 स्वर्ण पदकों में 20 छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रयागराज स्थित विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर के अटल प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। कार्यक्रम में लोकगायिका मालिनी अवस्थी मुख्य अतिथि रहीं। वहीं कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्यमंत्री रजनी तिवारी भी मौजूद रहे।

दीक्षांत समारोह में दिसंबर-2025 और जून-2026 सत्र के कुल 30,886 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 17,788 पुरुष और 13,098 महिला शिक्षार्थी शामिल रहे। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उपाधियां और अंकपत्र डिजीलॉकर के माध्यम से भी उपलब्ध कराए।

विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 26 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 20 छात्राओं और 6 छात्रों ने स्थान प्राप्त किया। बीएससी की छात्रा रम्या सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक सहित कुल चार स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, मातृभाषा में शिक्षा, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी शिक्षा का उपयोग नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित में करें।

मुख्य अतिथि मालिनी अवस्थी ने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को अपनाने के साथ भारतीय संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना है।

समारोह के दौरान कुलपति प्रो. सत्यकाम ने विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अलावा विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं दानदाता स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, पुस्तक विमोचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।

रिपोर्ट : अमरनाथ झा
मो.: 9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें