तेल संकट की आशंका से कौशाम्बी में हड़कंप, पेट्रोल पंप सूखे—गैस संकट से पहले ही जूझ रही जनता
कौशाम्बी । जनपद में इन दिनों पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच जिले में अचानक ईंधन को लेकर अफरा-तफरी मच गई है। पिछले दो दिनों से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ ड्रम और कैन में भी तेल भरते नजर आ रहे हैं।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि जिला मुख्यालय और आसपास के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया, जिसके चलते उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। दर्जनों पंपों के शटर डाउन दिखे, जबकि जहां तेल उपलब्ध था, वहां लंबी कतारें और अव्यवस्था का माहौल बना रहा। आम लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है।
इसी बीच रसोई गैस को लेकर भी हालात सामान्य नहीं हैं। जिले में कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है। उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर है, जहां लोग वैकल्पिक इंतजाम करने को मजबूर हैं।
हालांकि तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों का दावा है कि देश में फिलहाल लगभग 60 दिनों का कच्चा तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों और अनिश्चितता के माहौल ने जनता के बीच ‘पैनिक बाइंग’ को बढ़ावा दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते स्थिति स्पष्ट नहीं की गई, तो कृत्रिम संकट और गहरा सकता है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह पारदर्शी जानकारी दे, आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करे और जनता से संयम बरतने की अपील करे, ताकि हालात सामान्य हो सकें।
Amarnath jha Kaushambi – 9415254415
