मेजा ऊर्जानिगम पर 36 करोड़ का बकाया, प्रशासन ने जारी की आरसी, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

0
IMG_20260322_185259

प्रयागराज। मेजा तहसील के कोहड़ार घाट स्थित मेजा ऊर्जानिगम पर खनन विभाग का करीब 36 करोड़ रुपये का बकाया सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर दी है। तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं होने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेजा ऊर्जानिगम, एनटीपीसी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड का संयुक्त उपक्रम है, जो 1320 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना का संचालन करता है और क्षेत्र की ऊर्जा आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खनन विभाग के अनुसार, प्लांट निर्माण के दौरान करीब 55 लाख घन मीटर खनिज, जिसमें गिट्टी और पत्थर शामिल हैं, का उपयोग किया गया था, जिसकी रॉयल्टी का भुगतान लंबे समय से लंबित है।

बताया गया कि पिछले 10-11 वर्षों में विभाग की ओर से निगम को 100 से अधिक नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन पूरा भुगतान नहीं हो सका। हालांकि, निगम ने शुरुआती दौर में करीब 3 करोड़ रुपये जमा किए थे। खनन अधिकारी के अनुसार, शासन स्तर पर इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अब वसूली की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
वहीं, निगम के एजीएम एचआर विवेक चंद्रा का कहना है कि खनन विभाग से सर्वे रिपोर्ट के अभिलेख मांगे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड से स्वीकृति लेकर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस प्रकरण को मंडलायुक्त न्यायालय में भी प्रस्तुत किया गया है, जहां मामले की सुनवाई जारी है।

अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *