मुंडेरा चुंगी की प्रभु निवास पारस ग्रीन कॉलोनी में जहर बन रहा पानी, खुली टंकी से हो रही सप्लाई , बिल्डर की लापरवाही से लोगों की सेहत पर खतरा, पेयजल मानकों और नगर निगम नियमों की खुली अनदेखी
👉 मुंडेरा चुंगी की प्रभु निवास पारस ग्रीन कॉलोनी में गंदा पानी सप्लाई,लोग हो रहे बीमार…खुली पानी टंकी में कबूतर-छिपकली के शव मिलने का आरोप…
👉 पक्षियों की बीट से दूषित पानी पीने को मजबूर लोग ,बिल्डर पर सुविधाएं न देने का आरोप, सफाई व्यवस्था ठप
👉 बीमार पड़ रहे कॉलोनीवासी, स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा
नगर निगम से जांच और कार्रवाई की मांग….
प्रयागराज। शहर के मुंडेरा चुंगी के पास स्थित पारस ग्रीन प्रभु निवास कॉलोनी में रहने वाले लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। कॉलोनी में लगी पानी की टंकी की हालत इतनी खराब है कि उसमें गंदगी, पक्षियों की बीट और कई बार कबूतर व छिपकली के मरे हुए मिलने की शिकायत सामने आई है। इसके बावजूद उसी टंकी का पानी सीधे घरों में सप्लाई किया जा रहा है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने कॉलोनी बनाकर मकान तो लोगों को बेच दिए, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई। पेयजल टंकी ऊपर से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। टंकी को केवल दो जगह प्लाई लगाकर ढक दिया गया है, जबकि एक हिस्सा पूरी तरह खुला है, जिससे पक्षी और अन्य जीव आसानी से अंदर गिर जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार टंकी में कबूतर और छिपकली के शव पाए गए हैं, वहीं टंकी के अंदर पक्षियों की बीट भी पड़ी रहती है। ऐसी स्थिति में यही दूषित पानी लोगों के घरों में पीने के लिए सप्लाई किया जा रहा है, जिससे कॉलोनी के कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार गंदे पानी से टाइफाइड, डायरिया, हैजा और पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं भारत सरकार के पेयजल गुणवत्ता मानक (BIS IS 10500) के तहत पीने का पानी पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित होना अनिवार्य है। इसके अलावा नगर निगम और आवासीय कॉलोनी नियमों के अनुसार पानी की टंकियों को पूरी तरह ढका होना चाहिए और उनकी नियमित सफाई कराना अनिवार्य है।


कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बिल्डर और प्रबंधन की लापरवाही से इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इतना ही नहीं, कॉलोनी में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी नाममात्र की है।
नाराज कॉलोनीवासियों ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने और पेयजल टंकी की तत्काल सफाई व सुरक्षित ढक्कन लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन से शिकायत करने और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415
