सदर ब्लॉक मंझनपुर में विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप, दो वित्त मदों में एक ही काम दिखाकर निकाली गई रकम
👉 सदर ब्लॉक मंझनपुर में विकास कार्यों पर बड़ा खेल ,एक ही काम, दो वित्त मद—कागजों में दो बार भुगतान
👉 राज्य वित्त के कार्य 15वें वित्त में भी दिखाकर निकासी का आरोप, सरकारी धन की बंदरबांट की चर्चा, पंचायतों में मचा हड़कंप
👉 सड़क-नाली से लेकर स्ट्रीट लाइट तक में गड़बड़ी की आशंका, ग्राम-वार जांच की मांग, पारदर्शिता पर उठे गंभीर सवाल
कौशांबी। सदर ब्लॉक मंझनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों को लेकर अब गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। विकास कार्यों की पारदर्शिता पर पहले से उठ रहे सवालों के बीच अब यह चर्चा तेज हो गई है कि एक ही कार्य को अलग-अलग वित्त मदों में दिखाकर सरकारी धन की निकासी की गई है।
सूत्रों की मानें तो राज्य वित्त आयोग के तहत कराए गए कई कार्यों को बाद में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत दोबारा दर्शाया गया। बताया जा रहा है कि किसी एक वित्त मद से कार्य कराकर, उसी कार्य को दूसरे वित्त मद से कराया हुआ दिखाते हुए पूरी धनराशि निकाल ली गई। इस प्रक्रिया में वास्तविक कार्य एक बार ही हुआ, जबकि कागजों में उसे दो बार दिखाया गया। आरोप है कि इस तरह निकाली गई राशि का आपसी बंदरबांट कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि इब्राहिमपुर, सादिकपुर सेमरहा, टेवा, जजौली, असाढ़ा, जमदुवा, एदिलपुर, शाहपुर टिकरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, खड़ंजा, स्ट्रीट लाइट और अन्य निर्माण कार्यों में यही तरीका अपनाया गया। कई स्थानों पर कार्य की स्थिति और खर्च की गई राशि के बीच स्पष्ट अंतर दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन कार्यों की ग्राम-वार जांच कराई जाए तो स्वीकृत धनराशि, व्यय, कार्यादेश, मस्टर रोल, भुगतान वाउचर और उपयोगिता प्रमाण पत्रों में कई गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं। जनता की मांग है कि दोनों वित्त आयोगों के अंतर्गत कराए गए कार्यों का तुलनात्मक सत्यापन कराया जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि एक ही कार्य पर दो बार भुगतान तो नहीं हुआ।
चूंकि यह पूरा मामला सार्वजनिक धन के दुरुपयोग से जुड़ा है, इसलिए लोगों की अपेक्षा है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कराएं और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है और सच्चाई सामने लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
अमरनाथ झा पत्रकार कौशाम्बी -9415254415
